रायपुर। राजधानी के वीआईपी रोड स्थित करेंसी टॉवर में सोमवार सुबह एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने पूरे प्रशासनिक अमले को हिला कर रख दिया। छत्तीसगढ़ शासन की अतिरिक्त मुख्य सचिव ऋचा शर्मा सुबह करीब 6:30 बजे लिफ्ट में फंस गईं और लगभग 10 मिनट तक भीतर कैद रहीं।
बताया जा रहा है कि लिफ्ट के अंदर न रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था थी और न ही हवा का कोई इंतजाम। बंद और अंधेरी जगह में फंसी अधिकारी को घुटन और घबराहट का सामना करना पड़ा। हैरानी की बात यह रही कि लिफ्ट में इमरजेंसी अलार्म, इंटरकॉम या हेल्पलाइन जैसी बुनियादी सुरक्षा सुविधाएं तक मौजूद नहीं थीं—जो किसी भी आधुनिक कॉम्प्लेक्स के लिए अनिवार्य मानी जाती हैं।
किसी तरह ऋचा शर्मा ने अपने मोबाइल से अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। उन्होंने ऊर्जा सचिव रोहित यादव से भी संपर्क कर पावर बैकअप और सोलर सिस्टम की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की और तत्काल जवाब मांगा।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोला गया और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाहर आने के बाद उनकी हालत असहज बताई गई और उन्हें सामान्य होने में कुछ समय लगा।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई लोग लिफ्ट में फंस चुके हैं, और कुछ मामलों में लोगों की तबीयत तक बिगड़ चुकी है। इसके बावजूद प्रबंधन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कॉम्प्लेक्स की सातवीं मंजिल पर स्थित SAICUS Gym में रोजाना बड़ी संख्या में लोग और अधिकारी आते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सीधे तौर पर लोगों की जान को जोखिम में डाल रही है।
850 से ज्यादा दुकानें, सिर्फ 4 लिफ्ट—बड़ी चूक
करीब 850 दुकान और ऑफिस स्पेस वाले इस विशाल कॉम्प्लेक्स में महज 4 लिफ्ट का होना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। नियमों के अनुसार ऐसे परिसरों में पर्याप्त लिफ्ट, इमरजेंसी अलार्म, पावर बैकअप, फायर सेफ्टी और आपातकालीन संपर्क व्यवस्था अनिवार्य होती है, लेकिन यहां इनका घोर अभाव नजर आता है।
इस घटना के बाद नगर निगम, फायर सेफ्टी विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि प्रशासन इस गंभीर लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी फाइलों में दबकर रह जाएगा।
