रायपुर। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में बैंक पर भरोसा करने वाले एक दंपत्ति के साथ करोड़ों जैसा झटका देने वाला बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फिक्स डिपॉजिट कराने के नाम पर बैंककर्मी ने दंपत्ति के भरोसे का फायदा उठाकर उनके खाते से 40 लाख रुपये निकाल लिए। मामले का खुलासा होने के बाद धरसींवा पुलिस ने आरोपी बैंककर्मी राजा खुंटे को गिरफ्तार कर लिया है। इसी बैंक से जुड़े एक अन्य मामले में ग्राहकों के खातों से 15 लाख 70 हजार रुपये गबन करने वाले दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी को भी पुलिस ने पकड़कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार यह पूरा मामला धरसींवा क्षेत्र के चरौदा स्थित आईडीबीआई बैंक शाखा का है। प्रार्थी नरेन्द्र वर्मा ने थाना धरसींवा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनका और उनकी पत्नी मनीषा वर्मा का बैंक खाता इसी शाखा में है, जिसमें दोनों के खातों में 20-20 लाख रुपये जमा थे। वर्ष 2023 में उन्होंने कुल 40 लाख रुपये फिक्स डिपॉजिट कराने के उद्देश्य से बैंक में पदस्थ कर्मचारी राजा खुंटे से संपर्क किया।
राजा खुंटे ने फिक्स डिपॉजिट खाता खोलने के लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड की कॉपी और दो ब्लैंक चेक की मांग की। भरोसे में आकर दंपत्ति ने हस्ताक्षर किए हुए ब्लैंक चेक उसे सौंप दिए। इसके बाद आरोपी ने फिक्स डिपॉजिट की पावती भी दे दी, जिससे दंपत्ति को किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।
मामले का भंडाफोड़ तब हुआ जब 2 मार्च 2026 को नरेन्द्र वर्मा को निजी काम के लिए पैसे की जरूरत पड़ी और उन्होंने बैंककर्मी को फोन कर एफडी तुड़वाने की बात कही। इस पर आरोपी ने बताया कि पैसों का हेरफेर हो गया है और राशि उपलब्ध नहीं है। शक होने पर दंपत्ति बैंक पहुंचे और खाते की जांच कराई, जहां पता चला कि उनके दिए गए ब्लैंक चेक का दुरुपयोग कर आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में कुल 40 लाख रुपये निकाल लिए हैं।
शिकायत के बाद धरसींवा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। बैंक दस्तावेजों, फिक्स डिपॉजिट पावती और बैंक स्टेटमेंट की बारीकी से जांच करने पर आरोपी की करतूत सामने आ गई। पुलिस ने पतासाजी कर आरोपी राजा खुंटे (35) निवासी ग्राम जुनवानी थाना पलारी जिला बलौदाबाजार, हाल निवासी महुआ चौक सिलयारी थाना धरसींवा को गिरफ्तार कर लिया।
इसी बैंक से जुड़े एक अन्य प्रकरण में पुलिस ने ग्राहकों की रकम गबन करने वाले दुर्गेश शर्मा उर्फ सन्नी (30) निवासी ग्राम टेंगाभाठा थाना बेरला जिला बेमेतरा को भी गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने गोवर्धन प्रसाद दीवान और उनकी पत्नी के खाते से 8 लाख 70 हजार रुपये तथा स्वाति वर्मा के खाते से 7 लाख रुपये, इस तरह कुल 15 लाख 70 हजार रुपये का गबन किया था।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं इस तरह के और भी पीड़ित तो सामने नहीं आए हैं।
