रायपुर। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय (PTRSU) के नवीन कन्या (महिला) छात्रावास में दूषित पेयजल की आपूर्ति के कारण दर्जनों छात्राओं के पीलिया से ग्रसित होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती भी कराया गया, जिससे छात्रावास की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
घटना के विरोध में नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के प्रदेश उपाध्यक्ष (SM) एवं छात्र नेता पुनेश्वर लहरे प्रशासनिक भवन पहुंचे और कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पेयजल की तत्काल गुणवत्ता जांच, संपूर्ण तकनीकी निरीक्षण तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
इसके साथ ही विश्वविद्यालय के सभी विभागों एवं परिसर में स्थापित वाटर कूलरों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा जिन विभागों में वाटर कूलर उपलब्ध नहीं हैं, वहां तत्काल नए वाटर कूलर स्थापित करने की मांग भी की गई है। छात्र संगठन ने प्रशासन को तीन दिवस के भीतर प्रभावी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है, अन्यथा उग्र आंदोलन की बात कही है।
पुनेश्वर लहरे ने कहा, “छात्राओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल प्रभाव से पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करनी होगी, अन्यथा NSUI छात्रहित में चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी।”
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष (SM) पुनेश्वर लहरे, जिला सचिव ओज पांडे, इंडिया ग्रीत लहरे, दक्ष दिल्लीवार, रीतिक बघेल, अजय सोनवानी, सेजाकत हुसैन सहित अन्य छात्र प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
