छुरिया। खुज्जी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरहाईटोला में जय मां सरस्वती मानस प्रचार समिति एवं समस्त ग्रामवासियों के तत्वावधान में आयोजित स्वर मानस गान सम्मेलन अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
साथ ही इस अवसर पर जिला भाजपा मंत्री बोधन साहू, जिला भाजपा पूर्व महामंत्री रविन्द्र वैष्णव, मनोहर दास साहू, तामेश्वर पटेल शिक्षक, रामप्रसाद साहू, गौतरिहा निषाद, मानसाय साहू, सूरज राम दुधनांग, हीरालाल साहू भी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न मानस मंडलियों द्वारा प्रस्तुत रामायण एवं रामचरितमानस के सुमधुर गान ने पूरे ग्राम को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुजनों ने भाव-विभोर होकर प्रभु श्रीराम की महिमा का श्रवण किया। आयोजन स्थल पर भक्ति, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मुख्य अतिथि किरण रविन्द्र वैष्णव ने अपने संबोधन में कहा कि, रामायण केवल ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन जीने की कला है, जो समाज को सत्य, मर्यादा, प्रेम और सद्भाव का संदेश देती है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में आयोजन समिति, मानस मंडलियों, पदाधिकारियों एवं समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।
