छत्तीसगढ़ में ठंड ने एक बार फिर तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग ने 17 जनवरी को उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक-दो इलाकों में शीत लहर चलने की चेतावनी जारी की है। कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बेमेतरा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, दुर्ग और रायपुर जिलों में ठंड का असर ज्यादा रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के बाद पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी, लेकिन फिलहाल लोगों को ठंड से राहत नहीं मिलने वाली। बीते कुछ दिनों से दिन का पारा बढ़ गया है। रात के तापमान में भी वृद्धि हुई थी।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, पारा 3.9 डिग्री तक लुढ़का
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया है। वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रहा। सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में पहले भी शीत लहर का असर देखा गया। माना एयरपोर्ट पर न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। दुर्ग में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री और अंबिकापुर में 3.9 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 5 डिग्री कम है।
Read Also- धर्मांतरण रैकेट का खुलासा: अवैध आश्रम-चर्च संचालन का आरोप, हाईटेक उपकरण जब्त
सुबह-शाम ठिठुरन, दिन में हल्की राहत
राजधानी में सुबह और रात में ठंड तेज रहेगी। शनिवार की सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। हवा की रफ्तार कम रहेगी, जिससे ठंड का असर ज्यादा महसूस होगा।
बिलासपुर के मौसम का हाल
न्यायधानी में इस साल की सर्दी आनंद और रोमांच दोनों लेकर आई है। गुरुवार-शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे पिछले दो वर्षों का रिकार्ड टूट गया। यह 2024 में दर्ज 9.8 डिग्री के न्यूनतम तापमान से 0.2 डिग्री कम है। जनवरी में पहली बार पारा 10 डिग्री से नीचे आने से ठंड ने शहर को पूरी तरह अपनी गिरफ्त में ले लिया है।जनवरी के मध्य में ही बिलासपुर ने कड़ाके की ठंड का अनुभव कर लिया है।
