रायपुर। राजधानी रायपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रविवार शाम लाखे नगर इलाके में एक महिला अपने घर से पैदल मंदिर जा रही थी, तभी अचानक उड़ती पतंग का तेज धार वाला चाइनीज मांझा उसके चेहरे में फंस गया। मांझा हटाने की कोशिश करते समय महिला के चेहरे और हाथ पर गहरे कट लग गए, जिससे वह घायल हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
इस गंभीर घटना के बाद जिला प्रशासन हरकत में आया और प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया। कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह के निर्देश पर नगर पालिक निगम रायपुर के जोन 1 एवं जोन 5 की टीमों ने छत्तीसगढ़ राज्य पर्यावरण संरक्षण मंडल के साथ मिलकर शहर के विभिन्न इलाकों में औचक निरीक्षण किया।
Read Also- विकास तिवारी को कांग्रेस ने 6 साल के लिए किया निष्कासित, जानिए वजह…
जोन 1 क्षेत्र के बाल गंगाधर तिलक वार्ड क्रमांक 18 स्थित प्रयास हॉस्टल, गुढ़ियारी के पास संचालित दो पतंग दुकानों की जांच के दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बरामद किया गया। मौके पर ही मांझा जब्त कर दोनों दुकानदारों पर कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान वार्ड पार्षद सोहन साहू और जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमराज देवागन उपस्थित रहे। दुकानदारों को भविष्य में इस तरह की गतिविधि दोहराने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की सख्त चेतावनी भी दी गई।
इसी क्रम में नगर निगम जोन 5 क्षेत्र अंतर्गत घासीदास प्लाजा, आमापारा मार्ग पर सड़क किनारे लगी पतंग दुकानों पर भी छापेमारी की गई। यहां भी प्रतिबंधित चाइनीज मांझा पाए जाने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की गई। साथ ही अव्यवस्थित ढंग से लगी दुकानों को हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारू किया गया। यह कार्रवाई पर्यावरण संरक्षण मंडल के अधिकारियों के मार्गदर्शन में तथा उप अभियंता टिकेंद्र चंद्राकर की उपस्थिति में संपन्न हुई।
Read Also- रायपुर कलेक्टोरेट में नियमों की अनदेखी, बिना हेलमेट ‘चेहरा देखकर’ मिल रही एंट्री
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाइनीज मांझा आम नागरिकों, पक्षियों और पर्यावरण के लिए अत्यंत खतरनाक है। शहर में कहीं भी इसके भंडारण या बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का उपयोग न करें और इसकी बिक्री या भंडारण की सूचना तत्काल प्रशासन को दें।
