जांजगीर – चाम्पा। विवाहित महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया। महिला की शादी 15 साल पहले हुई थी। सालभर से महिला का एक अन्य युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। दोनों ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र के ग्राम कोटमी सोनार का है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोटमी सोनार निवासी अमरनाथ केंवट की 15 साल पहले ईश्वरी बाई केंवट के साथ शादी हुई थी। दोनों के 2 बच्चे भी हैं। सालभर से ईश्वरी बाई का मुंगेली जिले के रौना कापा निवासी युवराज निषाद से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी बात को लेकर ईश्वरी बाई और उसके पति
अमरनाथ का आएदिन विवाद होता रहता था। महिला कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ पुणे तरफ भाग गए थे। फिर वापस बिलासपुर में आकर दोनों साथ रह रहे थे। ईश्वरी केवट का पति अमरनाथ किसी तरह उसे मनाकर हालही में कोटमी सोनार लाया था। रविवार 27 जुलाई को दोपहर लगभग 3 बजे युवराज निषाद कोटमीसोनार आया और अमरनाथ के घर के पीछे से घर में घुसा बड़ी में रखे कुदाल को अंदर लेकर गया और अमरनाथ के चेहरे में ताबड़तोड हमला कर दिया। हमले में अमरनाथ की पत्नी ने भी अपने प्रेमी का साथ दिया। उसके बाद युवराज कुदाल को लेकर ईश्वरी के मदद से भाग गया और लीलगर नदी किनारे कुदाल को फेक दिया। इधर पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए युवराज और ईश्वरी बाई को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने प्रेम प्रसंग के चलते अमरनाथ की हत्या करने की बात कबूल की। युवराज की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुदाल को जप्त किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 103(1),3(5) बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर 28 जुलाई को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
