शिवरीनारायण, 20 जुलाई। ग्राम पंचायत कुकदा में शनिवार सुबह शासकीय चारागाह भूमि पर अवैध कब्जा, आम रास्ते को बाधित करने, जातिसूचक अपमान और जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सूत्रों के अनुसार, ग्रामवासियों द्वारा अनुज राम कश्यप के खिलाफ शिवरीनारायण थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत में लगभग 30 से 40 ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अनुज राम कश्यप ने गांव के सार्वजनिक रास्ते को अवरुद्ध कर दिया है, जो पशुओं को शासकीय चारागाह की ओर ले जाने के लिए प्रयोग में लाया जाता है।
ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में कई बार मौखिक रूप से चेतावनी देने के बावजूद अनुज राम कश्यप ने रास्ता नहीं खोला। आज सुबह जब पशुओं को बंधेज के बाद चारागाह ले जाया जा रहा था, तब उन्होंने न केवल रास्ता रोका, बल्कि जानबूझकर पशुओं को किसानों की फसल की ओर खदेड़ दिया, जिससे फसलों को भारी नुकसान पहुंचा।
जातिसूचक टिप्पणी और धमकी का आरोप
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब मौके पर मौजूद ग्राम सरपंच संतोष कुमार भारद्वाज, पंचगण, जनपद सदस्य और कोटवार के समक्ष आरोपी द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। शिकायत में आरोप है कि महिला पंचों के साथ भी अपमानजनक व्यवहार किया गया और सार्वजनिक रूप से जान से मारने की धमकी दी गई। ग्रामीणों का कहना है कि अनुज राम ने खुलेआम कहा, “जो उखाड़ना है उखाड़ लो, हम किसी से नहीं डरते।”
शासन व प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे गांव में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सार्वजनिक शांति भंग, जातीय वैमनस्य फैलाने, महिला अपमान और शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की हैपुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
