बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED की चपेट में आकर एक 16 वर्षीय नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक घटना भोपालपट्टनम थाना क्षेत्र के कोंडापगड़ू गांव के पास हुई, जब किशोर जंगल में गाय चराने गया हुआ था।
अमित जोश के एनकाउंटर के बाद फिर सक्रिय हुए गुर्गे, भिलाई में तलवार से हमला, दो गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, घायल किशोर की पहचान कृष्णा गोटा के रूप में हुई है, जो कोंडापगड़ू गांव का निवासी है। नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए जंगल में प्रेशर IED बिछा रखा था, और उसी में किशोर का पैर पड़ गया। तेज धमाके से कृष्णा गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल किशोर को तत्काल गांव लाकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की मदद से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में आम लोगों की जान को होने वाले खतरे की एक और भयावह तस्वीर सामने लाती है। पुलिस ने इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है और बाकी संदिग्ध IED की तलाश की जा रही है।
