दुर्ग। गैंगस्टर अमित जोश के एनकाउंटर के बाद उसके गुर्गों की गतिविधियां एक बार फिर से भिलाई में तेज हो गई हैं। पुलिस ने इस पर सख्ती दिखाते हुए हाल ही में सेक्टर-5 में बीएसपी कर्मी पर हुए हमले के मामले में दो गुंडों को गिरफ्तार किया है।
18 जुलाई की रात भिलाई सेक्टर-5 मार्केट में सिगरेट पी रहे बीएसपी कर्मी चंद्रकांत वर्मा पर अमित जोश के जीजा लक्की जॉर्ज और यशवंत नायडू ने तलवार से हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, दोनों आरोपियों ने खुद को “भिलाई के गुंडे” बताते हुए पहले गाली-गलौज की और फिर तलवार से जानलेवा हमला कर दिया।
किसी तरह जान बचाकर चंद्रकांत सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचा और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर भिलाई नगर थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से दो तलवारें और एक ऑल्टो कार जब्त की गई है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आज का दौरा कार्यक्रम, कई महत्वपूर्ण आयोजनों में लेंगे हिस्सा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, लक्की जॉर्ज को पूर्व में पिस्टल रखने के आरोप में भी गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जेल से छूटने के बाद उसने फिर से गुंडागर्दी शुरू कर दी। अब पुलिस इन गुर्गों पर नजर रखते हुए ऐसे असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कस रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध और डर का माहौल खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जा रही है, और गैंगस्टर नेटवर्क के बचे हुए सदस्यों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
