जांजगीर-चांपा। जिले का पहला शहर चांपा अब हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था से लैस हो गया है। मिशन ‘सिक्योर सिटी’ के अंतर्गत चांपा में 70 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें 27 अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक से युक्त हैं। ये कैमरे अपराध नियंत्रण, ट्रैफिक मैनेजमेंट और संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कोतबा के स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उन्नयन के लिए 4.37 करोड़ रूपए की स्वीकृति
इस स्मार्ट निगरानी तंत्र का शुभारंभ चांपा थाना परिसर में एक कार्यक्रम के माध्यम से हुआ, जिसमें बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला और जांजगीर-चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय मौजूद रहे। उन्होंने इस परियोजना को शहर की सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए एक मील का पत्थर बताया।
AI युक्त कैमरे मानव चेहरों की पहचान, वाहनों की श्रेणी निर्धारण, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक वॉयलेशन पर नजर रखने में सक्षम हैं। पुलिस अधीक्षक पाण्डेय ने बताया कि इन कैमरों को शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर स्थापित किया गया है, जिससे हर गतिविधि पर चौकस निगरानी रखी जा सकेगी।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि चांपा की यह पहल पूरे प्रदेश के लिए एक मॉडल बनेगी और अन्य शहरों में भी इस तकनीक को लागू करने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षा सिर्फ पुलिस की नहीं, पूरे समाज की जिम्मेदारी है।
सिक्योर सिटी मिशन के साथ चांपा ने स्मार्ट सिटी बनने की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है, जिससे भविष्य में अपराध की रोकथाम और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
