जांजगीर-चांपा। नवागढ़ थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका के साथ अनाचार कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार था, जिसे सायबर ट्रैकिंग के माध्यम से पुलिस ने गुरुग्राम से पकड़ा। आरोपी के खिलाफ न्यायालय में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामला 18 जून का है, जब एक अज्ञात युवक ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने धारा 137(2) एवं अन्य संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में गठित टीम ने सायबर तकनीक के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजा गया। वहां पुलिस ने आरोपी सुमित मनोहर को पकड़कर नाबालिग को उसके कब्जे से सुरक्षित बरामद किया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने नाबालिग को शादी का झांसा देकर बहलाया और फिर उसके साथ अनाचार किया। अपराध स्वीकार करने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस पूरे अभियान में निरीक्षक अशोक वैष्णव, महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर, आरक्षक मुकेश कुमार राज, राजू कश्यप, संजय टंडन सहित नवागढ़ थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
