रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल के पदुम नगर स्थित निवास पर शुक्रवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दबिश दी। बहुचर्चित शराब घोटाले के सिलसिले में की गई इस कार्रवाई से राजधानी के सियासी हलकों में हलचल मच गई है।
सुबह-सुबह पहुंची थी ED की टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह 6 बजे दो गाड़ियों में सवार होकर ED के 8 अधिकारी बघेल के निवास पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। टीम ने शराब घोटाले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने के लिए कार्रवाई की। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अभी तक ईडी की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
समर्थकों की जुटने लगी भीड़, सुरक्षा बढ़ाई गई
ED की कार्रवाई की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या बघेल के निवास के बाहर जुटने लगी। मौके पर पहुंचे नेताओं में चरोदा नगर निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर, पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर, और आशीष वर्मा प्रमुख हैं। स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन ने निवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
