बिलासपुर। budha mahadev temple : रतनपुर स्थित प्रसिद्ध बूढ़ा महादेव मंदिर में दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु के पर्स से नकदी चोरी का मामला सामने आया है। चोरी की यह घटना मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ तौर पर कैद हो गई है। पीड़िता ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पटवारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB की बड़ी कार्रवाई से मचा हड़कंप
घटना कोरबा जिले के पोड़ीबहार निवासी रेखा सिंह के साथ उस वक्त घटी, जब वे मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर रही थीं। उसी दौरान एक अज्ञात महिला दर्शन का बहाना बनाकर मंदिर में दाखिल हुई और मौका देखकर रेखा सिंह के पास रखे पर्स से चुपचाप नकदी निकाल ली।
सीसीटीवी में कैद हुई चालाकी
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी महिला भगवान के दर्शन का नाटक करते हुए पर्स को उठाती है, उसमें से पैसे निकालती है और फिर पर्स वहीं रखकर मंदिर से चुपचाप निकल जाती है। घटना के कुछ देर बाद जब रेखा सिंह को नकदी गायब होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत मंदिर प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की जा रही है।
