रायपुर। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक 05 अंतर्गत जल विभाग में कार्यरत लाइनमैन सुनील यादव पर गंभीर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। शिकायतकर्ता महेश यादव ने दावा किया है कि सुनील यादव वर्ष 1997 से एक ही पद और स्थान पर कार्यरत है, और वह प्रतिदिन जल विभाग कार्यालय (छोटी पानी टंकी) में अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर शराब सेवन करता है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि सुनील यादव खुलेआम यह कहता है कि वह अधिकारियों को “खर्चा-पानी” देता है, इसीलिए कोई अधिकारी उसका तबादला नहीं कर सकता। उसका दावा है कि वह रिटायरमेंट तक वहीं बना रहेगा, और चाहे पार्षद हो, कलेक्टर, निगमायुक्त, विधायक या मंत्री – कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
महेश यादव ने इस मामले की शिकायत संबंधित उच्चाधिकारियों को सौंपते हुए विभागीय जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि एक ही स्थान पर वर्षों से जमे ऐसे कर्मचारी विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावित करते हैं और आम नागरिकों की शिकायतों का समाधान समय पर नहीं हो पाता।
वहीं, निगम प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन शिकायत की गंभीरता को देखते हुए जांच की संभावना जताई जा रही है।।
