भाटापारा। शहर के मुंशी इस्माइल वार्ड निवासी प्रार्थी शिव शर्मा के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को भाटापारा शहर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 11 जुलाई 2025 की रात की है, जब शिव शर्मा बघेल नगर की ओर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज कोसले अपने एक नाबालिग साथी के साथ **मोटरसाइकिल में सवार होकर पहुंचा और प्रार्थी को रास्ते में रोककर मारपीट करते हुए डरा-धमका कर उसका वीवो कंपनी का मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गया। घटना की रिपोर्ट पर थाना भाटापारा शहर में अपराध क्रमांक 403/2025, धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों की पता तलाश कर उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मोबाइल लूट के बाद मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए थे।
पकड़े गए आरोपियों में मनोज कोसले, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम जरौद, थाना भाटापारा ग्रामीण और एक अपचारी बालक, को पकड़ा गया है। दोनों को 15 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किए जाने की प्रक्रिया चल रही है।
