दक्षिण अफ्रीका के प्रसिद्ध क्रूगर नेशनल पार्क से एक अद्भुत और दुर्लभ नजारा सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। एक तेंदुआ इंसानों की तरह अपने पिछले दोनों पैरों पर सीधा खड़ा दिखाई दिया और काफी देर तक आसपास के इलाके का जायजा लेता रहा। यह नजारा सफारी पर निकली एक महिला मैरी टार्डन ने अपने कैमरे में कैद किया और अब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लॉर्ड्स टेस्ट में पंत का धमाका, इंग्लैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने
यह वीडियो सबसे पहले ‘लेटेस्ट साइटिंग्स – क्रूगर’ नामक फेसबुक पेज पर पोस्ट किया गया, जहां इसे लाखों बार देखा जा चुका है। पोस्ट के कैप्शन में बताया गया कि तेंदुआ एक इम्पाला का शिकार कर रहा था और बेहतर दृश्य प्राप्त करने के लिए उसने अपने पिछले पैरों पर बैठने के बाद अचानक सीधा खड़ा होना शुरू कर दिया। वह इतने सहज तरीके से खड़ा हुआ कि देखने वालों को ऐसा लगा मानो वह अक्सर ऐसा करता हो।
बस्तर में शांति बहाली की दिशा में बड़ी पहल, सुकमा में 1.18 करोड़ के इनामी 23 नक्सलियों ने किया सरेंडर
वीडियो में देखा जा सकता है कि तेंदुआ इंसानों की तरह खड़ा होकर अपने चारों ओर नजर घुमा रहा है और बेहद ध्यान से किसी शिकार की टोह में है। इस दृश्य ने दर्शकों को हैरान कर दिया है। जहां कुछ लोगों ने इसे डरावना बताया, वहीं कुछ ने इसे बेहद दुर्लभ और रोमांचकारी व्यवहार माना है।
भारतीय वन सेवा के अधिकारी परवीन कासवान ने भी इस वीडियो को एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किया। उन्होंने लिखा, “तेंदुआ अपने खाने को देखने के लिए दो पैरों पर खड़ा है। वे धरती के सबसे बहुमुखी शिकारी हैं।” उन्होंने तेंदुए की इस चालाक और सतर्क मुद्रा को उसकी शिकारी क्षमता का प्रतीक बताया।
वीडियो को लेकर हजारों लोगों ने कमेंट किए हैं। एक यूजर ने लिखा कि तेंदुए आमतौर पर शोर नहीं मचाते, वे बेहद चुपचाप और सोच-समझकर शिकार करते हैं। वहीं एक अन्य ने कहा कि यह उनके जीवन में पहली बार है जब उन्होंने किसी तेंदुए को इस तरह खड़ा होते देखा।
यह दृश्य न केवल वन्य जीवन प्रेमियों के लिए खास बन गया है, बल्कि यह तेंदुए के स्वभाव और उनकी चपलता को भी बेहतरीन तरीके से दर्शाता है।
