मुंगेली। मुंगेली व्यापार मेला अपनी गौरवशाली यात्रा के दस वर्ष पूर्ण कर 11वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है। बीते एक दशक में इस मेले ने क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उद्योग और व्यापार को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ कला, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में भी स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। इस वर्ष मेले को नए स्वरूप में आकर्षक साज-सज्जा, बेहतर व्यवस्थाओं और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ प्रस्तुत किया गया है।
मेले के प्रथम दिन कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां वीणापाणि, विघ्नहर्ता भगवान गणेश एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुंगेली की मिट्टी के संस्कार हमेशा उनके साथ रहे हैं। वर्ष 1990 में समाज सेवा और नगर विकास के लिए जिस कार्य का बीजारोपण किया गया था, स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम आज उसी ऊर्जा और समर्पण के साथ आगे बढ़कर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि टीम की सहजता और सेवा भावना ने उन्हें काफी प्रभावित किया है। इतने बड़े आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित करना अपने आप में साहस और समर्पण का कार्य है। इस भव्य आयोजन के लिए उन्होंने स्टार्स ऑफ टुमारो की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला पंचायत मुंगेली के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला अब नगर की पहचान बन चुका है। इस आयोजन ने शहर में एक त्योहार का रूप ले लिया है। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए स्टार्स ऑफ टुमारो की टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमारो के सचिव विनोद यादव ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि मुंगेली व्यापार मेला केवल स्टार्स ऑफ टुमारो का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे शहर का अपना मेला है। इसकी सफलता में नगरवासियों का महत्वपूर्ण योगदान है और भविष्य में भी सभी से सहयोग की अपेक्षा है। उन्होंने कहा कि मेले का एक प्रमुख उद्देश्य लघु एवं कुटीर उद्योगों को प्रोत्साहित करना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। इसी उद्देश्य से विद्यालयीन एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के साथ नगर की उभरती प्रतिभाओं को मुंगेली गॉट टैलेंट, साहित्य, मेहंदी, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से शहर और प्रदेश के सामने अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम का संचालन सहसंयोजक रामशरण यादव ने किया तथा आभार प्रदर्शन संस्था के अध्यक्ष महावीर सिंह ने किया।
अतिथियों के उद्बोधन के पश्चात छत्तीसगढ़ी लोककला मंच अंजोर की सुप्रसिद्ध गायिका गरिमा एवं स्वर्णा दिवाकर ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकगीतों की मधुर धुनों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
आज होंगे रंगोली और समूह नृत्य के आयोजन
मेले के दूसरे दिन 28 नवंबर (शनिवार) को दोपहर 2 बजे दीपावली स्पेशल थीम पर रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। वहीं शाम 6 बजे धार्मिक गीतों पर आधारित समूह नृत्य प्रतियोगिता होगी। रात्रि 9 बजे छत्तीसगढ़ी लोककला मंच सोनहा माटी के सुप्रसिद्ध गायक भूपेंद्र जायसवाल अपनी प्रस्तुति देंगे।
आयोजन को सफल बनाने में जुटी पूरी टीम
मुंगेली व्यापार मेले को सफल बनाने के लिए संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सहसंयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार सहित दिनेश गोयल, सतपाल मक्कड़, गोखलेश सिंह, विकास जैन, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, नीलेश केशरवानी, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, मुकेश पांडेय, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, देवशंकर श्रीवास्तव, गौरव जैन, कोमल चौबे, धीरज जैन, नागेश साहू, संदीप सिंह, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, आर्या सिंह, वासु पांडेय, आशीष सिंह, अजय चंद्राकर, राहुल साहू, वैभव ताम्रकार, रॉकी सलूजा, देवेंद्र गहरवार, दिलबाग सिंह, रवि साहू, चित्रकान्त सिंह, श्रीओम सिंह, रघुराज सिंह, सुरेश यादव, परमेश्वर देवांगन, संतोष जांगड़े एवं अमित साहू सहित संस्था के सभी सदस्य सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।
