भिलाई। अवैध गतिविधियों और संदिग्ध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खुर्सीपार पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से चार करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर उसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। बरामद नकदी के स्रोत और उसके परिवहन के उद्देश्य का पता लगाने के लिए पूछताछ की जा रही है।
गुप्त चेंबर में छिपाकर रखी गई थी नकदी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि सफेद रंग के बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 04 क्यूयू 5996 में भारी मात्रा में नकदी रायपुर से नागपुर की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सोमवार रात करीब 11 बजे डबरापारा, थाना खुर्सीपार क्षेत्र में वाहन को रोककर जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस को वाहन का पिछला हिस्सा सामान्य से अलग और मॉडिफाई किया हुआ दिखाई दिया। इसके बाद वाहन की सघन तलाशी ली गई, जिसमें पिछले हिस्से में एक गुप्त चेंबर मिला। चेंबर खोलने पर उसमें छिपाकर रखी गई भारतीय मुद्रा बरामद हुई। नकदी की गिनती कराने पर कुल रकम चार करोड़ रुपये पाई गई।
वाहन चालक समेत दो व्यक्ति हिरासत में
वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों की पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी, जो वाहन चालक बताया गया है, और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से बरामद रकम के स्वामित्व, उसके स्रोत और रायपुर से नागपुर तक नकदी ले जाने के उद्देश्य के संबंध में पूछताछ कर रही है।
आयकर विभाग को दी जाएगी सूचना
पुलिस के मुताबिक, मामले में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बरामद नकदी के वित्तीय स्रोत और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को भी सूचना भेजी जा रही है, ताकि रकम के स्रोत और लेन-देन से संबंधित पहलुओं की जांच की जा सके।
