मुंगेली। हिंदू जागरण मंच जिला मुंगेली द्वारा नवरात्रि के पावन पर्व पर सनातन धर्म में शक्ति जागरण के उद्देश्य से गुरुवाईनडबरी में शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मां दुर्गा भवानी की आराधना करते हुए धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए शक्ति, साहस एवं सामर्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में जिला संयोजक संजय सिंह ने कहा कि “वीर भोग्या वसुंधरा”, अर्थात पृथ्वी वीरों को ही शोभा देती है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में देवी-देवताओं द्वारा अस्त्र-शस्त्र धारण करना शक्ति, साहस और धर्म की रक्षा का प्रतीक है। मां दुर्गा, मां काली, भगवान शिव, हनुमान जी एवं भगवान श्रीराम इसके प्रमुख उदाहरण हैं।
संजय सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने महाभारत में अर्जुन को धर्म की रक्षा के लिए युद्ध करने का संदेश दिया था। इसी प्रकार भगवान श्रीराम ने समुद्र द्वारा मार्ग नहीं दिए जाने पर धनुष धारण किया था, जिसके बाद समुद्र ने उनकी शक्ति को स्वीकार करते हुए मार्ग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि शक्ति संचय और आत्मबल जागृत करने का पर्व है। शस्त्र पूजन के माध्यम से समाज में साहस, आत्मविश्वास और धर्म-संस्कृति के प्रति जागरूकता का संदेश दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि सनातन समाज को अपनी परंपराओं के संरक्षण तथा धर्म और संस्कृति की रक्षा के लिए सक्षम, समर्थ और साहसी बनने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर प्रियांशु सिंह परिहार, नारायण सिंह, श्रीधर परिहार, रोहित यादव, विकास निषाद, युवराज निषाद, आकाश साहू, आकाश निषाद, अनिरुद्ध सिंह परिहार, शांतनु सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
