मुंगेली। मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड के लछनपुर में मल्टी-परपस इंडोर हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 4 करोड़ 99 लाख 82 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य शासन ने बुधवार को मंत्रालय से प्रशासकीय स्वीकृति का आदेश जारी कर दिया है। इस इंडोर हॉल का निर्माण क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत एक एकड़ भूमि में किया जाएगा।
छह खेलों की सुविधाएं होंगी विकसित
लछनपुर में बनने वाले मल्टी-परपस इंडोर हॉल में वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, कबड्डी और मार्शल आर्ट जैसे खेलों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस आधुनिक खेल अधोसंरचना के निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रशिक्षण के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारने और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन में भी मदद मिलेगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली सामग्री और संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस इंडोर हॉल के निर्माण से मुंगेली जिले के खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी और क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
