मुंगेली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध लगाए गए आरोपों की जांच की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी चुनाव आयोग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में चुनावी प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और आयोग के आंतरिक कामकाज को लेकर कई सवाल उठे हैं। विपक्षी दलों और नागरिक समाज ने भी आयोग की निष्पक्षता को लेकर चिंता जताई है।
वर्मा ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव प्रक्रिया का पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय होना आवश्यक है। उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली की समीक्षा और संबंधित आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
कांग्रेस द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध संबंधित आपराधिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज करने तथा विधिवत जांच के बाद आवश्यक होने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके अलावा मतदाता सूची संशोधन एवं चुनाव संबंधी महत्वपूर्ण निर्णयों की स्वतंत्र और निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा चुनाव आयोग की स्वतंत्रता एवं निष्पक्षता बनाए रखने के लिए आवश्यक संवैधानिक और प्रशासनिक कदम उठाने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र, स्वतंत्र चुनाव प्रक्रिया और संविधान के मूल सिद्धांतों की रक्षा के लिए इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
