रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने राज्य सेवा परीक्षा-2025 की भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण को स्थगित कर दिया है। आयोग के नोटिफिकेशन के मुताबिक, 20 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू अब निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नहीं होंगे। नई तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी। आयोग ने प्रक्रिया स्थगित करने का कारण स्पष्ट नहीं किया है।
राज्य सेवा परीक्षा-2025 के तहत 20 विभागों में कुल 265 पदों पर भर्ती की जानी है। मुख्य परीक्षा के परिणाम के आधार पर 608 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए पात्र घोषित किया गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर से अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन शुरू होना था, जिसके बाद अलग-अलग तिथियों में इंटरव्यू आयोजित किए जाने थे।

रिजल्ट के बाद उठे थे सवाल
मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद भर्ती प्रक्रिया को लेकर सवाल उठे थे। कांग्रेस ने परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए प्रक्रिया को स्पष्ट करने और इंटरव्यू स्थगित करने की मांग की थी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चयनित अभ्यर्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि 265 पदों के लिए 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए चयनित किया जाना चाहिए था, जबकि केवल 608 अभ्यर्थी ही इंटरव्यू तक पहुंचे।
आयोग ने बताई थी कम चयन की वजह
आयोग पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि 795 की तुलना में 608 अभ्यर्थियों के चयन के पीछे कोई तकनीकी या मानवीय त्रुटि नहीं है। आयोग के अनुसार, कई अभ्यर्थी प्रत्येक प्रश्नपत्र में निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर सके। इसी वजह से निर्धारित अनुपात के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन नहीं हो सका।
नई तारीखों का इंतजार
इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन स्थगित होने के बाद अब 608 अभ्यर्थियों को नई तारीखों का इंतजार करना होगा। आयोग ने कहा है कि दस्तावेज सत्यापन और इंटरव्यू की संशोधित समय-सारणी बाद में जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले आगामी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
