रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत में सत्ता पक्ष के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एक ही मंच पर आमने सामने है। प्रेस क्लब से ये डिबेट लाइव है। प्रधानमंत्री आवास योजना के मुद्दे पर दोनों नेता खुली बहस कर रहे हैं।
दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एक-दूसरे की चुनौती स्वीकार की थी। इसके बाद आज रायपुर प्रेस क्लब में ओपन डिबेट तय की गई। अब दोनों नेता कार्यक्रम में पहुंचे हैं।
इस डिबेट को इसलिए खास माना जा रहा है, क्योंकि छत्तीसगढ़ की राजनीति में पहली बार सरकार में जिम्मेदार पद पर बैठे नेता और पूर्व मुख्यमंत्री किसी एक मुद्दे पर सार्वजनिक मंच पर सीधे आमने-सामने हैं। एक तरफ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सरकार का पक्ष रखेंगे, तो दूसरी तरफ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल प्रधानमंत्री आवास योजना पर कांग्रेस का पक्ष रखेंगे।
बहस के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के आंकड़ों, स्वीकृत आवासों, निर्माण की स्थिति और हितग्राहियों को मिले लाभ को लेकर सवाल-जवाब होगा।
प्रेस क्लब में बढ़ाई गई सुरक्षा
ओपन डिबेट को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती की गई है और कार्यक्रम को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। दोनों नेताओं के समर्थकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भी व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।
PM आवास पर लंबे समय से आमने-सामने हैं भाजपा-कांग्रेस
प्रधानमंत्री आवास योजना छत्तीसगढ़ में लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी मुद्दा रही है। भाजपा सरकार योजना के तहत आवास निर्माण और स्वीकृति को अपनी उपलब्धि बताती रही है, जबकि कांग्रेस पात्र हितग्राहियों को आवास मिलने और योजना के क्रियान्वयन को लेकर सवाल उठाती रही है।
अब तक यह लड़ाई बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित रही है। लेकिन आज पहली बार दोनों पक्षों के दो बड़े चेहरे एक ही मंच पर बैठकर इसी मुद्दे पर सीधे अपनी बात रखेंगे।
देखें Live….
