रायपुर। छत्तीसगढ़ में दो दिन मौसम साफ रहने के बाद एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। शुक्रवार को प्रदेश के कई हिस्सों में आसमान में बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बस्तर जिले के सभी स्कूलों में अवकाश
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए बस्तर जिले में प्रशासन ने सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए जिले के सभी स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है हवा
मौसम विभाग के अनुसार नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, बिलासपुर और मुंगेली समेत कई जिलों में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग ने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों, खुले मैदानों और कमजोर निर्माण वाली जगहों से दूर रहने की सलाह दी गई है। तेज हवा के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है।
तेज हवाओं के कारण हल्की वस्तुओं के उड़ने और पेड़ों की शाखाएं टूटकर गिरने का खतरा बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
किसानों के लिए भी मौसम विभाग की सलाह
खराब मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खेतों में काम रोकने तथा मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की अपील की गई है।
इसके अलावा किसानों और ग्रामीणों से बिजली के खंभों और तारों से दूरी बनाए रखने तथा बारिश और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की सलाह दी गई है।
