अकलतरा। अकलतरा विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला किरारी में एरियर की राशि निकालने के एवज में रिश्वत लेने का मामला सामने आया है। एसीबी बिलासपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए स्कूल की प्राचार्य अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी विकास मसीह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, शिकायतकर्ता मनीष राठौर इसी स्कूल में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ हैं। परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद वर्ष 2025 में उनका नियमितीकरण हुआ था।वर्ष 2022 से जून 2026 तक की वेतन वृद्धि का करीब 80 हजार रुपए एरियर बनना था।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उक्त एरियर की राशि निकालने के एवज में प्राचार्य अंजुला सोनी ने पहले 20 हजार रुपए रिश्वत की मांग की। बाद में बातचीत के बाद 10 हजार रुपए देने पर सहमति बनी। मनीष राठौर ने इसकी शिकायत एसीबी बिलासपुर से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ने के लिए ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई।निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता सहायक ग्रेड 3 मनीष राठौर रिश्वत की रकम लेकर आरोपियों के पास पहुंचा। जैसे ही 10 हजार रुपये की रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, एसीबी की टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए प्राचार्य अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 विकास मसीह को पकड़ लिया। टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली।
एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम द्वारा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।शासकीय स्कूल में रिश्वतखोरी की इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में भी हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई है। अधिकारियों द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
