बलौदाबाजार। जिले के ग्राम टेहका निवासी प्रतिभाशाली युवा योगेश साहू ने गुरुवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा से भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने योगेश से उनकी शैक्षणिक यात्रा, यूपीएससी की तैयारी और लोकप्रिय टीवी शो कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के कंटेस्टेंट बनने तक के अनुभवों पर चर्चा की।
योगेश साहू ने आईआईटी बॉम्बे से बीटेक की पढ़ाई पूरी की है। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी को अपना लक्ष्य बनाया और वर्तमान में इसकी तैयारी में जुटे हुए हैं। बातचीत के दौरान उन्होंने कलेक्टर को अपने संघर्ष और अब तक के सफर के बारे में विस्तार से बताया।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने योगेश को यूपीएससी की तैयारी के संबंध में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा का लक्ष्य बड़ा होता है और इसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और एकाग्रता जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से यूपीएससी प्रीलिम्स के बाद मेन्स की तैयारी के लिए मिलने वाले लगभग 120 दिनों को बेहद महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि इस अवधि में अभ्यर्थी को पूरी एकाग्रता के साथ अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। कलेक्टर ने योगेश को समय प्रबंधन, अध्ययन की रणनीति, विषयों की प्राथमिकता तय करने और परीक्षा के अनुरूप तैयारी करने से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
कलेक्टर श्री शर्मा ने दिल्ली में छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए संचालित ट्राइबल यूथ हॉस्टल की जानकारी भी योगेश को दी। उन्होंने बताया कि यूपीएससी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यहां रहने की व्यवस्था उपलब्ध है। कलेक्टर ने योगेश को उनकी आगामी तैयारी में हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए उनके प्रयासों और लक्ष्य की सराहना की। साथ ही उन्होंने यूपीएससी परीक्षा के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
योगेश ने बताया कि यूपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद वे आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा के लिए प्रेरित करने और उनकी मदद करने का प्रयास करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अपने सफर के दौरान उन्हें जिन चुनौतियों और परेशानियों का सामना करना पड़ा, दूसरे बच्चों को ऐसी परिस्थितियों से न गुजरना पड़े, इसके लिए वे भविष्य में काम करना चाहते हैं।
आईआईटी बॉम्बे से पढ़ाई, केबीसी जैसे लोकप्रिय टीवी शो में प्रतिभागिता और अब यूपीएससी की तैयारी—योगेश का यह सफर जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय बना हुआ है।
