नई दिल्ली। 2019 के बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के दौरान पाकिस्तान में करीब 60 घंटे तक हिरासत में रहे भारतीय वायुसेना के पूर्व ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्तमान ने अब सैन्य सेवा को अलविदा कह दिया है। करीब दो दशक तक भारतीय वायुसेना में सेवा देने के बाद अभिनंदन ने निजी क्षेत्र की क्षेत्रीय एयरलाइन FLY91 जॉइन कर ली है। अब वह लड़ाकू विमान के बजाय यात्री विमान उड़ाते नजर आएंगे।
न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, अभिनंदन ने 31 मार्च 2026 को भारतीय वायुसेना से रिटायरमेंट लिया और अगस्त 2026 में FLY91 से जुड़ गए। वायुसेना में उनका सामान्य रिटायरमेंट वर्ष 2037 माना जा रहा था, यानी वह करीब 54 वर्ष की उम्र तक सेवा में रह सकते थे। हालांकि, करीब 11 वर्ष पहले उन्होंने सैन्य सेवा से अलग होने का फैसला किया।
MiG-21 उड़ाने वाले अभिनंदन अब ATR 72-600 के पायलट
वायुसेना में अभिनंदन MiG-21 बाइसन लड़ाकू विमान उड़ाते थे। अब उनके करियर का नया पड़ाव क्षेत्रीय यात्री विमानन है। FLY91 में वह ATR 72-600 विमान उड़ाएंगे। यह टर्बोप्रॉप विमान मुख्य रूप से कम दूरी की क्षेत्रीय उड़ानों के लिए इस्तेमाल किया जाता है और इसमें करीब 70 यात्रियों के बैठने की क्षमता होती है।
FLY91 ने मार्च 2024 में अपनी कमर्शियल उड़ानें शुरू की थीं। एयरलाइन का लक्ष्य छोटे और मध्यम शहरों को हवाई संपर्क से जोड़ना और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को बढ़ावा देना है। कंपनी के प्रमुख बेस गोवा और हैदराबाद में हैं।
27 फरवरी 2019 को हवाई लड़ाई के बाद पाकिस्तान में गिरे थे
अभिनंदन वर्तमान की पहचान देशभर में उस समय हुई जब फरवरी 2019 में भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य तनाव चरम पर पहुंच गया था। 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में CRPF के काफिले पर हुए आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हुए थे। इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की।
इसके अगले दिन, 27 फरवरी को पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की। उस समय अभिनंदन श्रीनगर एयरफोर्स स्टेशन पर MiG-21 बाइसन स्क्वाड्रन में तैनात थे। उन्हें पाकिस्तानी विमानों को रोकने के लिए ऑपरेशनल ड्यूटी पर भेजा गया।
आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र के अनुसार, अभिनंदन ने एक दुश्मन विमान का पीछा किया और हवाई लड़ाई के दौरान उसे मार गिराया। इस दौरान पाकिस्तानी विमानों की ओर से कई बियॉन्ड विजुअल रेंज (BVR) मिसाइलें दागी गईं। इनमें से एक मिसाइल अभिनंदन के MiG-21 से टकरा गई।
विमान को गंभीर नुकसान पहुंचने के बाद अभिनंदन ने इजेक्ट किया। पैराशूट के जरिए वह पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के क्षेत्र में जा गिरे, जहां पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
60 घंटे बाद अटारी-वाघा सीमा से भारत लौटे
अभिनंदन की गिरफ्तारी के बाद भारत ने पाकिस्तान के सामने तत्काल कूटनीतिक विरोध दर्ज कराया और उनकी सुरक्षित एवं जल्द वापसी की मांग की। दोनों देशों के बीच तनाव के बीच उनकी रिहाई को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी नजरें टिकी थीं।
28 फरवरी 2019 को पाकिस्तान ने अभिनंदन को रिहा करने की घोषणा की। इसके अगले दिन, 1 मार्च 2019 को करीब 60 घंटे की हिरासत के बाद अभिनंदन अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटे।
उनकी वापसी के दौरान अटारी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। देशभर में उनकी सुरक्षित वापसी को लेकर उत्साह देखने को मिला।
बहादुरी के लिए 2021 में मिला वीर चक्र
हवाई लड़ाई के दौरान साहस और अदम्य बहादुरी के लिए अभिनंदन वर्तमान को वर्ष 2021 में वीर चक्र से सम्मानित किया गया। भारत सरकार के आधिकारिक प्रशस्ति-पत्र में उनके साहस और विपरीत परिस्थितियों में दुश्मन के विमानों का सामना करने का उल्लेख किया गया।
वीर चक्र भारत के प्रमुख युद्धकालीन वीरता पुरस्कारों में शामिल है। यह परमवीर चक्र और महावीर चक्र के बाद तीसरा सबसे बड़ा युद्धकालीन वीरता सम्मान है।
वायुसेना से पेंशन, निजी एयरलाइन से लाखों की कमाई
करीब 20 वर्ष की सैन्य सेवा के बाद अभिनंदन को वायुसेना से पेंशन मिलेगी। पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के वेतनमान के आधार पर ग्रुप कैप्टन का मूल वेतन करीब 1.40 लाख से 2.18 लाख रुपये तक होता है, जबकि मिलिट्री सर्विस पे (MSP) 15,500 रुपये है।
उपलब्ध वेतनमान के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मासिक पेंशन करीब 88 हजार से 98 हजार रुपये के बीच हो सकती है। हालांकि, वास्तविक पेंशन उनके अंतिम वेतन, सेवा अवधि और सेवा रिकॉर्ड के आधार पर तय होगी। इसके अलावा नियमानुसार महंगाई राहत भी मिल सकती है।
दूसरी ओर, निजी एयरलाइन में पायलट के तौर पर उनकी कमाई इससे कई गुना अधिक हो सकती है। पायलट ट्रेनिंग प्लेटफॉर्म पायलट शाला के मुताबिक, निजी क्षेत्र में पायलटों को अनुभव और पद के आधार पर करीब 5 से 8 लाख रुपये मासिक वेतन मिल सकता है। सीनियर कैप्टन के स्तर पर यह आय 10 लाख रुपये या उससे अधिक तक पहुंच सकती है।
बेस सैलरी के अलावा पायलटों को उड़ान के घंटों के आधार पर फ्लाइंग अलाउंस, लेओवर पे और अन्य भत्ते भी मिल सकते हैं। हालांकि अभिनंदन का वास्तविक वेतन कितना होगा, इसकी आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं है।
सैन्य पायलट से कमर्शियल पायलट बनने का सफर
वायुसेना के फाइटर पायलट के तौर पर लंबा अनुभव रखने के बावजूद अभिनंदन को कमर्शियल यात्री विमान उड़ाने के लिए नागरिक विमानन के निर्धारित नियमों और प्रशिक्षण प्रक्रिया से गुजरना होगा। DGCA के नियमों के तहत संबंधित सिविल पायलट लाइसेंस, मेडिकल फिटनेस, आवश्यक प्रशिक्षण और विमान के अनुरूप टाइप रेटिंग जैसी योग्यताएं पूरी करनी होती हैं।
अब अभिनंदन का नया सफर आसमान में ही जारी रहेगा, लेकिन फर्क सिर्फ इतना होगा कि पहले वह देश की सुरक्षा के लिए लड़ाकू विमान उड़ाते थे और अब हजारों यात्रियों को उनकी मंजिल तक पहुंचाने वाले कमर्शियल विमान के कॉकपिट में होंगे।
