पटना। बिहार में बीपीएससी (BPSC) अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के बीच एक अधिकारी की टिप्पणी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर अब ‘कुत्ता जनता पार्टी’ यानी KJP नाम से पोस्ट, वीडियो और बैनर वायरल हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने इसे विरोध जताने के अपने अनोखे तरीके के तौर पर इस्तेमाल किया है।
दरअसल, बीपीएससी के परीक्षा नियंत्रक राजेश कुमार सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान उनसे प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों की मांगों और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सवाल पूछा गया। अभ्यर्थी परीक्षा को प्रीलिम्स और मेंस, यानी दो चरणों में कराने की नई व्यवस्था का विरोध कर रहे हैं। कुछ अभ्यर्थियों का आरोप है कि इस व्यवस्था से हिंदी माध्यम के छात्रों को नुकसान हो सकता है।
सवालों का जवाब देते हुए राजेश कुमार सिंह ने कहा कि आयोग के फैसले पर आपत्ति रखने वाले अभ्यर्थी अदालत का रुख क्यों नहीं करते। इसी दौरान उन्होंने एक प्रचलित कहावत “हाथी चले बाजार, कुत्ता भौंके हजार” का इस्तेमाल किया। उनका यह बयान कैमरे में रिकॉर्ड हो गया और बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा।
टिप्पणी को लेकर नाराज हुए अभ्यर्थी
वीडियो वायरल होने के बाद कई लोगों ने आरोप लगाया कि अधिकारी ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों की तुलना कुत्तों से की। हालांकि, अधिकारी ने बाद में इस टिप्पणी पर सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने केवल एक कहावत का इस्तेमाल किया था और उनकी बात को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया।
राजेश कुमार सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उन्हें इसका खेद है। उन्होंने यह भी स्पष्ट करने की कोशिश की कि उनकी टिप्पणी का उद्देश्य किसी व्यक्ति या समूह को अपमानित करना नहीं था।
सोशल मीडिया पर बनी ‘कुत्ता जनता पार्टी’
अधिकारी की टिप्पणी के बाद नाराज अभ्यर्थियों और सोशल मीडिया यूजर्स ने विरोध का अलग तरीका अपनाया। सोशल मीडिया पर ‘कुत्ता जनता पार्टी’ यानी KJP के नाम से पोस्ट और वीडियो सामने आने लगे। कुछ वीडियो में लोग हाथों में बैनर लेकर ‘कुत्ता जनता पार्टी जिंदाबाद’ के नारे लगाते नजर आ रहे हैं।
बैनरों पर ‘कुत्ता जनता पार्टी-KJP’ लिखा हुआ दिखाई दे रहा है। देखते ही देखते यह नाम सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया और लोगों ने इसे अधिकारी की टिप्पणी के जवाब में व्यंग्यात्मक विरोध के तौर पर इस्तेमाल करना शुरू कर दिया।
‘पार्टियां’ बनाने का नया सोशल मीडिया ट्रेंड
‘कुत्ता जनता पार्टी’ को सोशल मीडिया पर सामने आ रहे डिजिटल और मीम आधारित ‘राजनीतिक दलों’ के ट्रेंड से जोड़कर देखा जा रहा है। इससे पहले ‘कॉकरोच जनता पार्टी’, ‘E20 जनता पार्टी’, ‘दिमागी नक्सल जनता पार्टी’, ‘बी पार्टी ऑफ इंडिया’ और ‘इश्क करो पार्टी’ जैसे नाम भी सोशल मीडिया पर चर्चा में रहे हैं।
