CG Weather Update: रायपुर। 15 अगस्त की छुट्टी के बाद रविवार को घूमने का प्लान बना रहे लोगों को मौसम का मिजाज देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने रविवार को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। प्रदेश में अगले चार दिनों तक अधिकांश स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। वहीं उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। सरगुजा संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश हुई। मौसम के आंकड़ों के अनुसार अब तक प्रदेश में मौसमी उप-विभागीय वर्षा सामान्य से करीब 8 प्रतिशत कम रही है।
रायपुर में भी बारिश की संभावना
CG Weather Update: राजधानी रायपुर में रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर में बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन घंटे के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है।
कोटाडोल में 13 सेमी बारिश
CG Weather Update: प्रदेश में सबसे अधिक बारिश कोटाडोल में 13 सेंटीमीटर दर्ज की गई। शंकरगढ़ और पौड़ी उपरोरा में 11-11 सेंटीमीटर, जबकि सन्ना, दौरा कोचली और रघुनाथ नगर में 8 सेंटीमीटर बारिश हुई। जनकपुर-भरतपुर में 7 सेंटीमीटर तथा बलरामपुर, वाड्रफनगर, चलगली और सामरी में 6 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई।
रतनपुर, कुनकुरी, बेलतरा, पचपेड़ी, भैसमा, कोरबा, बेलगहना, मनोरा, सकरी और मस्तूरी में 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। पाली, बगीचा, रामचन्द्रपुर, दुलदुला, सीपत, करतला और जगदलपुर में 4 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
इसके अलावा पेंड्रा, रामानुजगंज, मनेंद्रगढ़, कांसाबेल, कुसमी, कोंटा, बस्तर, जशपुरनगर, नवागढ़, मरवाही, पामगढ़, केल्हारी, पेंड्रा रोड, चांदो, बिलासपुर, अकलतरा, तोकापाल, सकोला, बैकुंठपुर और खड़गवा में 3 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रदेश के अन्य कई स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज हुई।
