मुंगेली। मित्रता दिवस के अवसर पर स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी ने प्रकृति के प्रति अपनी मित्रता और जिम्मेदारी का अनूठा संदेश देते हुए “हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली” अभियान के दसवें वर्ष के पांचवें चरण का सफल आयोजन किया। इस अवसर पर पुलिस लाइन रोड में नीम, कदम, जामुन, कटहल एवं गुलमोहर सहित 40 फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया गया। रोपित पौधों को प्रतीकात्मक रूप से “फ्रेंडशिप बेल्ट” बांधकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से संस्था ने यह संदेश दिया कि सच्ची मित्रता केवल मनुष्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि वृक्ष भी हमारे सबसे निस्वार्थ और सच्चे मित्र हैं। वे बिना किसी अपेक्षा के हमें प्राणवायु, शुद्ध वातावरण, छाया, फल और जीवनदायिनी प्राकृतिक संपदा प्रदान करते हैं। ऐसे में उनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है।
संस्था के संयोजक रामपाल सिंह ने कहा कि वृक्ष पृथ्वी के जीवन चक्र का आधार हैं। वे न केवल ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि वर्षा चक्र को संतुलित रखने, जल संरक्षण, भू-जल स्तर बढ़ाने, मिट्टी के कटाव को रोकने और जैव विविधता के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति मित्रता दिवस जैसे विशेष अवसर पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक सार्थक और प्रभावी कदम होगा।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य गिरीश सुथार एवं कोमल चौबे ने कहा कि अब समय प्रकृति से केवल लेने का नहीं, बल्कि उसे लौटाने का भी है। प्रकृति ने हमें शुद्ध वायु, जल, अन्न और जीवन प्रदान किया है, इसलिए प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह पौधारोपण के साथ-साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। उन्होंने सभी नागरिकों से इस मानसून कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
अभियान के पांचवें चरण के प्रभारी राहुल मल्लाह तथा सह प्रभारी पवन यादव ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और नियमित देखभाल ही वृक्षारोपण की वास्तविक सफलता है। उन्होंने बताया कि स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी पिछले दस वर्षों से “हरियर मुंगेली–सुघ्घर मुंगेली” अभियान के माध्यम से निरंतर वृक्षारोपण, पौधों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
कार्यक्रम में संस्था के संयोजक रामपाल सिंह, सह संयोजक रामशरण यादव, अध्यक्ष महावीर सिंह, सचिव विनोद यादव, कोषाध्यक्ष धनराज परिहार, दिनेश गोयल, देवेंद्र परिहार, दीपक जैन, रणवीर सिंह, श्रेणिक पारेख, मुकेश पांडेय, आशीष सोनी, अनुराग सिंह, सूरज मंगलानी, गिरीश सुथार, सुनील वाधवानी, अनीश जैन, कोमल चौबे, आशीष सिंह, धीरज जैन, पप्पू शर्मा, राहुल मल्लाह, पवन यादव, श्रेयांश बैद, संदीप सिंह, आर्या सिंह, रवि साहू, वासु पांडेय, वैभव ताम्रकार, देवेंद्र सिंह, अजय चंद्राकर, चित्रकांत सिंह, संतोष जांगड़े, श्रीओम सिंह, दिलबाग सिंह, रघुराज सिंह, परमेश्वर देवांगन, सुरेश यादव सहित बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य एवं नगर के पर्यावरण प्रेमी अरविंद रूपवानी, नितेश लालवानी, प्रद्युम्न सिंह, सागर वैष्णव, आदर्श केशरवानी, प्रकाश दुबे, धनेश्वर साहू और डोमन साहू उपस्थित रहे।
