CG Breaking News : महासमुंद। जिले के बरोंड़ा बाजार स्थित बाल संप्रेक्षण गृह से सोमवार तड़के आठ नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि सभी नाबालिग रात करीब 2 से 3 बजे के बीच खिड़की की ग्रील तोड़कर परिसर से भाग निकले। घटना के बाद संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस फरार नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है।
CG Breaking News : जानकारी के अनुसार, फरार हुए सभी नाबालिग पिछले चार से पांच महीनों के दौरान विभिन्न आपराधिक मामलों में बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए थे। इनमें एक नाबालिग दुष्कर्म के मामले में, दो चोरी के मामलों में निरुद्ध थे, जबकि अन्य के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इनका संबंध महासमुंद, सरायपाली, धमतरी तथा ओडिशा के विभिन्न थाना क्षेत्रों से बताया गया है।
CG Breaking News : घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने फरार नाबालिगों की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया है। साथ ही घटना के कारणों और सुरक्षा में हुई चूक की जांच भी की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी बाल संप्रेक्षण गृह से नाबालिगों के फरार होने की घटना सामने आई थी। एक बार फिर हुई इस घटना ने संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ फरार नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है।
