CG Weather Today: रायपुर। मानसून के ब्रेक के समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) का प्रभाव प्रदेश में स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। राजधानी रायपुर में शुक्रवार सुबह से आसमान में घने बादल छाए रहे और कई क्षेत्रों में हल्की बारिश व बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है। कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। गुरुवार को राज्य के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान दुर्ग में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड और अंबिकापुर में 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर का मौसम
CG Weather Today: मौसम विभाग ने शुक्रवार को रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। शहर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
गुरुवार को शंकरगढ़ और कुसमी में 9-9 सेंटीमीटर, चांदो में 8 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर, समरी में 5 सेंटीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा बलरामपुर और दौरा कोचली में 4-4 सेंटीमीटर, जबकि बोराई, बिहारपुर, कोटा, रामानुजनगर, मरवाही, चलगली और अंबिकापुर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। सकरी, भिलाई, रघुनाथ नगर और अहिवारा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है लो प्रेशर सिस्टम
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तरी ओडिशा तथा पश्चिम बंगाल तट पर सुचिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। अगले दो दिनों में इसके उत्तर ओडिशा और गंगा के मैदानी क्षेत्रों वाले पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ते हुए उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
CG Weather Today: मौसम विभाग ने रायपुर, राजनांदगांव सहित कई जिलों के लिए बारिश और तेज अंधड़ का अलर्ट जारी किया है। धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, महासमुंद, रायपुर, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, गरियाबंद, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया, बलरामपुर समेत कई जिलों में बारिश की गतिविधियों को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।
