Raipur Jagannath Rath Yatra 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथयात्रा के अवसर पर गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु जगन्नाथ मंदिर पहुंचने लगे, जहां भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने की पूजा-अर्चना
Raipur Jagannath Rath Yatra 2026: रथयात्रा शुरू होने से पहले राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। दोनों ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीजगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया। वहीं राज्यपाल रमेन डेका ने भी धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर रथयात्रा के शुभारंभ से पहले श्रद्धालुओं का अभिवादन किया।
हजारों की संख्या में जुटे भक्त
Raipur Jagannath Rath Yatra 2026: देशभर में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। रायपुर में भी हजारों की संख्या में भक्त मंदिर परिसर में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि रथयात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को सनातन परंपरा का एक प्रमुख धार्मिक पर्व माना जाता है। इस दौरान भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण करते हैं, जिसे देखने और रथ की रस्सी खींचने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
