रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में रायपुर उत्तर विधानसभा के विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि विधायक पुरंदर मिश्रा से संबंधित एक फेसबुक पोस्ट पर 10 जुलाई को “ललित टांडी ललित” नाम के फेसबुक अकाउंट से कथित रूप से अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस टिप्पणी के माध्यम से विधायक की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने तथा समाज में उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।
शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 और 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच की जा रही है।
