ऑकलैंड/नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की। बैठक के दौरान दोनों देशों के बीच 18 महत्वपूर्ण फैसले लिए गए और 10 समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। दोनों नेताओं ने वर्ष 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना बढ़ाकर लगभग 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया।
बैठक में भारत और न्यूजीलैंड के संबंधों को स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा देने की घोषणा की गई। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों के बीच इस वर्ष रिकॉर्ड नौ महीनों में मुक्त व्यापार समझौता (FTA) संपन्न हुआ है, जो आर्थिक सहयोग को नई दिशा देगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि न्यूजीलैंड अगले 15 वर्षों में भारत में 20 अरब डॉलर (करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये) का निवेश करेगा। यह निवेश भारत के विकास कार्यक्रमों के साथ-साथ ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को हासिल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी 6 से 11 जुलाई तक तीन देशों की यात्रा के अंतिम चरण में न्यूजीलैंड पहुंचे थे। अपने दौरे के समापन के बाद वे शुक्रवार को नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उल्लेखनीय है कि किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह 40 वर्षों बाद न्यूजीलैंड यात्रा है। इससे पहले वर्ष 1986 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने न्यूजीलैंड का दौरा किया था।
