रायपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर में 20 जून से 29 जून तक कांग्रेस का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर संगठन सृजन अभियान के तहत नवनियुक्त जिला अध्यक्षों के लिए रखा गया है, जिसका उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना है।
शिविर में 21 जून को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शामिल होंगे। वे दोपहर 2 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 2:45 बजे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए सड़क मार्ग से रवाना होंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे तक वे जिला अध्यक्षों को संगठनात्मक रणनीति, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनीतिक गतिविधियों को लेकर प्रशिक्षण देंगे। प्रशिक्षण के बाद वे शाम 6:40 बजे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि यह शिविर पूरी तरह आवासीय होगा और इसका संचालन AICC का प्रशिक्षण विभाग करेगा। इसमें जिला अध्यक्षों को बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनता से संवाद बढ़ाने और नियमित फील्ड विजिट करने जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।
शिविर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट सहित तीनों प्रभारी सचिव भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा AICC के कई राष्ट्रीय महासचिव और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
कांग्रेस नेतृत्व का मानना है कि 2023 विधानसभा चुनाव में मिली हार के पीछे बूथ स्तर की कमजोरी एक प्रमुख कारण रही। इसी को ध्यान में रखते हुए इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को मजबूत करने के लिए नई रणनीति तैयार की जाएगी। इसे 2028 के चुनावों की तैयारी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
