रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर आगामी 22 से 27 जून तक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्क्वैश खिलाड़ियों की मेजबानी करने जा रही है। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन (सीएसए) द्वारा स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसआरएफआई) और एशियन स्क्वैश फेडरेशन (एएसएफ) की मान्यता के तहत प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन बुधापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा। प्रतियोगिता को पीएसए और डब्ल्यूएसएफ सैटेलाइट टूर्नामेंट का दर्जा प्राप्त है, जिससे खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग अंक अर्जित करने का अवसर मिलेगा।
सीएसए के वाइस प्रेसिडेंट मनोज कुमार अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ सिंगापुर और मलेशिया के खिलाड़ी भी भाग लेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय भागीदारी से टूर्नामेंट का स्तर और प्रतिस्पर्धा दोनों ही अधिक रोमांचक होंगे।
प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-13, अंडर-15, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग के मुकाबलों के साथ-साथ पुरुष एवं महिला वर्ग की स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी। जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिताओं को 5-स्टार राष्ट्रीय रैंकिंग प्रदान की जाएगी।
शीर्ष खिलाड़ियों पर रहेंगी निगाहें
ईस्टर्न स्लैम 2026 में देश के कई शीर्ष रैंकिंग प्राप्त खिलाड़ी हिस्सा लेने जा रहे हैं। बालक वर्ग में अगस्त्य उप्पल, धैर्य गोगिया, ध्रुव बोपन्ना, श्रेयांश झा और आर्यवीर दीवान जैसे खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र होंगे। वहीं बालिका वर्ग में समीक्ष सुकुमार, गौरवी अजमेरा, सांवी कलंकी, आद्या बुधिया और उन्नति त्रिपाठी जैसी प्रतिभाएं अपनी चुनौती पेश करेंगी।
सीनियर वर्ग में पुरुषों के बीच राष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष स्थानों पर काबिज सूरज चंद और आर्यन प्रताप सिंह पर सभी की निगाहें रहेंगी, जबकि महिला वर्ग में उन्नति त्रिपाठी और निरुपमा दुबे खिताब की प्रमुख दावेदार मानी जा रही हैं।
सिंगापुर के खिलाड़ियों से बढ़ेगा रोमांच
प्रतियोगिता में सिंगापुर के दो प्रतिभाशाली जूनियर खिलाड़ी विशेष आकर्षण होंगे। अंडर-15 वर्ग में ज़े जुन शी और अंडर-17 वर्ग में वीर मल्होत्रा अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजकों का मानना है कि इन खिलाड़ियों की मौजूदगी भारतीय प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल शैली को करीब से समझने और सीखने का अवसर प्रदान करेगी।
49 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा छत्तीसगढ़
मेजबान छत्तीसगढ़ भी इस बार 49 खिलाड़ियों के मजबूत दल के साथ प्रतियोगिता में उतर रहा है। राज्य की ओर से अरसलान शेख, रेयांश कुलश्रेष्ठ, अर्चिता बनर्जी, भ्वांजलि मुदलियार और अर्चित सक्सेना जैसे खिलाड़ी पदक की दौड़ में शामिल रहेंगे। इसके अलावा ईशभ सुराना, सूर्यांश कुमार, अपूर्व साहू और ऋद्धि गुप्ता से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता का संचालन एसआरएफआई, एएसएफ और डब्ल्यूएसएफ के तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाएगा। देश और विदेश से आने वाले खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेल विशेषज्ञ इस आयोजन को विशेष महत्व प्रदान करेंगे।
ईस्टर्न स्लैम 2026 को छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह प्रतियोगिता राज्य के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा का अनुभव देने के साथ-साथ प्रदेश को खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। “एक कोर्ट, एक जुनून, अनंत गौरव” की थीम के साथ आयोजित यह टूर्नामेंट देश और एशिया के उभरते स्क्वैश सितारों के लिए प्रतिभा और उत्कृष्टता का बड़ा मंच बनने जा रहा है।
