अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर मंगलवार देर रात भीषण सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि कार ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। तेज रफ्तार कार भिट्टीकला के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
मामला मणिपुर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अंबिकापुर से लखनपुर की ओर जा रही स्विफ्ट कार (CG 04 QS 4079) भिट्टीकला के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार में फंसा युवक, अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे के बाद ड्राइवर दीपक सोनी किसी तरह कार से बाहर निकल गया। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं कार में सवार तेजपाल (19) वाहन के अंदर फंस गया।
सूचना मिलने पर मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बारिश के बीच पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर कार का गेट खोलकर युवक को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लखनपुर से लौट रहे थे दोनों युवक
परिजनों के अनुसार, मृतक तेजपाल निवासी अमगसी मंगलवार शाम करीब 4 बजे घर से लखनपुर जाने की बात कहकर निकला था। वहां उसकी मुलाकात नरकालो निवासी दीपक सोनी से हुई। इसके बाद दोनों कार से अंबिकापुर गए थे और देर रात लौट रहे थे।
बारिश बनी हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि हादसे के समय तेज बारिश हो रही थी। आशंका जताई जा रही है कि बारिश और कम दृश्यता के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख सका, जिससे यह हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। वहीं युवक की मौत से परिजनों में शोक का माहौल है।
