कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित शर्मा पटाखा गोदाम में बुधवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद गोदाम में रखे पटाखों में लगातार जोरदार धमाके होने लगे, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार दिखाई देने लगा।
जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय गोदाम में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखे होने के कारण लगातार विस्फोट होते रहे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
धमाकों के बीच आग बुझाने की चुनौती
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा नगर पालिका की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। हालांकि पटाखों में लगातार हो रहे धमाकों के चलते दमकलकर्मियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
आग की गंभीरता को देखते हुए अन्य स्थानों से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाया गया है। फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।
पुलिस ने घेरा इलाका, लोगों को हटाया
घटना की जानकारी मिलते ही कटघोरा पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। गोदाम में विस्फोटों की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस और प्रशासन की टीम भीड़ को नियंत्रित करने और राहत कार्य में जुटी हुई है।
