रायपुर। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) जल्द ही अपना प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की तैयारी कर रही है। इस संबंध में कंपनी और शासन स्तर पर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है। IPO के सफल होने पर यह राज्य सरकार की पहली ऐसी कंपनी बन सकती है, जिसके शेयर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर आम निवेशकों के लिए कारोबार हेतु उपलब्ध होंगे।
जानकारी के अनुसार, IPO के माध्यम से कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाएगी और अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा सार्वजनिक निवेश के लिए जारी करेगी। इसके बाद कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे, जहां उनकी खरीद-बिक्री की जा सकेगी। कंपनी के प्रदर्शन के आधार पर शेयरों के मूल्य में उतार-चढ़ाव होगा और उसका बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैपिटलाइजेशन) भी बढ़ेगा।
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी भी स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध हो चुकी है, हालांकि उसके शेयरों में सक्रिय कारोबार नहीं होता। कंपनी ने वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर निवेशकों से पूंजी जुटाई थी।
IPO के जरिए सूचीबद्ध होने से छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और निवेशकों का आधार भी व्यापक होगा। साथ ही आम नागरिकों को कंपनी में निवेश कर उसका हिस्सेदार बनने का अवसर प्राप्त होगा। भविष्य में कंपनी के लाभ में वृद्धि होने पर शेयरधारकों को डिविडेंड के रूप में लाभांश भी दिया जा सकेगा।
इस संबंध में कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की सरकारी बिजली कंपनियां IPO के माध्यम से पूंजी जुटा रही हैं। वहीं केंद्र सरकार की कई ऊर्जा कंपनियां पहले से ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी का IPO लाने के विषय में उच्च स्तर पर चर्चा चल रही है और यह शासन स्तर पर विचाराधीन मामला है।
