नई दिल्ली। महंगाई के मोर्चे पर आम लोगों को एक और झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी है। इस साल यह सातवीं बार है जब कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए हैं।
ताजा संशोधित दरों के अनुसार, दिल्ली में 19 किलो वाला कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर अब 42 रुपये महंगा होकर 3,113.50 रुपये में उपलब्ध होगा। नई कीमतें 1 जून से लागू हो गई हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जारी भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख समुद्री व्यापार मार्गों में उत्पन्न बाधाओं के बीच एलपीजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है।
कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और खाद्य व्यवसायों पर पड़ेगा, क्योंकि इन क्षेत्रों में मुख्य रूप से 19 किलो वाले सिलेंडर का उपयोग किया जाता है। ऐसे में आने वाले दिनों में भोजन और अन्य सेवाओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
इसके अलावा, दूसरे राज्यों और शहरों में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र, नौकरीपेशा युवा तथा प्रवासी मजदूर भी अप्रत्यक्ष रूप से इस महंगाई की मार झेल सकते हैं। होटल और भोजनालयों के खर्च बढ़ने से दैनिक जीवन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की संभावना है।
वहीं, 5 किलो वाले फ्री ट्रेड एलपीजी सिलेंडर, जिसे आम बोलचाल में “छोटू सिलेंडर” कहा जाता है, की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इसकी नई कीमत 821.50 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 810.50 रुपये में उपलब्ध था।
आंकड़ों के अनुसार, पिछले छह महीनों में 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में 1,533 रुपये तक की वृद्धि दर्ज की गई है, जो लगभग 97 प्रतिशत की बढ़ोतरी के बराबर है।
हालांकि, घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। इससे मध्यमवर्गीय परिवारों को कुछ राहत मिली है।
नई दरें आज यानी 1 जून से प्रभावी हो चुकी हैं और इनके असर का व्यापक प्रभाव बाजार तथा उपभोक्ताओं पर देखने को मिल सकता है।
