नई दिल्ली। भारत निर्वाचन आयोग ने जून-जुलाई 2026 में रिटायर हो रहे 10 राज्यों के 24 राज्यसभा सदस्यों की सीटों को भरने के लिए द्विवार्षिक चुनाव कराने की घोषणा की है। आयोग के अनुसार इन सीटों के लिए मतदान 18 जून 2026, गुरुवार को कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे मतगणना भी होगी। चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के मुताबिक राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून 2026 तय की गई है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी। उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा।
इन चुनावों के तहत आंध्र प्रदेश, गुजरात, झारखंड, मध्य प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, राजस्थान, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक और मिजोरम की कुल 24 सीटों पर मतदान कराया जाएगा।
आंध्र प्रदेश से अयोध्या रामी रेड्डी अल्ला, नथवाणी परिमल, पिल्ली सुभाषचंद्र बोस और सना सतीश बाबू का कार्यकाल 21 जून 2026 को समाप्त होगा। गुजरात से रामभाई हरजीभाई मोकारिया, अमीन नरहरि हीराभाई, गोहिल शक्तिसिंहजी हरिचंद्रसिंहजी और रमिला बेचरभाई बारा भी इसी दिन रिटायर होंगे।
झारखंड से दीपक प्रकाश तथा रिक्त चल रही शिबु सोरेन की सीट के लिए भी चुनाव कराया जाएगा। मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल समाप्त हो रहा है।
इसके अलावा मणिपुर से महाराजा सनजाओबा लेइशेम्बा, मेघालय से वानवेरोय खारलुखी, राजस्थान से नीरज दांगी, राजेंद्र गहलोत और रवनीत सिंह भी जून 2026 में रिटायर होंगे।
अरुणाचल प्रदेश से नबाम रेबिया 23 जून 2026 को, जबकि कर्नाटक से नारायण कोरगप्पा, इरन्ना कडाडी, एच.डी. देवगौड़ा और मल्लिकार्जुन खरगे का कार्यकाल 25 जून 2026 को समाप्त होगा। वहीं मिजोरम से के. वनलालवेना 19 जुलाई 2026 को रिटायर होंगे।
राज्यसभा चुनाव को लेकर संबंधित राज्यों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की संभावना है, क्योंकि कई सीटों पर प्रमुख दलों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।
