पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने हमजा को निशाना बनाते हुए उस पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमजा बुरहान लंबे समय से पाकिस्तान और PoK में सक्रिय था। उसे वर्ष 2019 के पुलवामा आतंकी हमले की साजिश रचने वालों में शामिल माना जाता था। इस हमले में CRPF के 40 जवान शहीद हुए थे। भारत सरकार ने वर्ष 2022 में हमजा बुरहान को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित किया था।
भारत से पाकिस्तान गया, फिर आतंकी संगठन में हुआ शामिल
सरकारी जानकारी के अनुसार, अर्जुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान उर्फ डॉक्टर जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा इलाके का रहने वाला था। 23 वर्षीय हमजा आतंकी संगठन अल बद्र से जुड़ा हुआ था, जिसे भारत सरकार पहले ही आतंकवादी संगठन घोषित कर चुकी है।
दस्तावेजों के मुताबिक, वह कानूनी तरीके से पाकिस्तान गया था। वहां पहुंचने के बाद वह अल बद्र में शामिल हो गया और बाद में संगठन का सक्रिय आतंकी तथा कमांडर बन गया। बताया जाता है कि वह पाकिस्तान में रहकर ही संगठन की गतिविधियों का संचालन कर रहा था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, हमजा युवाओं को आतंकी संगठन में भर्ती होने के लिए उकसाने, आतंकी गतिविधियों के लिए फंडिंग जुटाने और कई आतंकी मामलों में शामिल रहा है। उस पर पुलवामा में विस्फोटक बरामदगी के मामलों, 18 नवंबर 2020 को CRPF जवानों पर हुए ग्रेनेड हमले तथा युवाओं की भर्ती कराने जैसी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे।
